IMD Red Alert: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने तेलंगाना में अगले 72 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। बुधवार (13 अगस्त) से राज्यभर में लगातार बारिश हो रही है, जिससे हैदराबाद समेत कई जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति है। गुरुवार (14 अगस्त) के लिए मेडक, संगारेड्डी और विकाराबाद जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 9 जिलों में ऑरेंज और 22 जिलों में येलो अलर्ट है।
आंध्र प्रदेश में अगले 7 दिन बारिश और तूफान का दौर
IMD के अनुसार, आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तटीय इलाकों (SCAP) में बुधवार को अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी तटीय आंध्र (NCAP), यानम और रायलसीमा में भी भारी बारिश के आसार हैं। 19 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी
अरुणाचल प्रदेश में अनजॉ, ईस्ट कामेंग, पक्के केसांग और पापुम पारे जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि कुरुंग कुमेय जिले में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। चेतावनी गुरुवार सुबह तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने लोगों को नदियों, पहाड़ी और भूस्खलन-प्रवण क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
पश्चिम बंगाल में 15 अगस्त तक भारी बारिश
सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी में लगातार बारिश हो रही है। 15 अगस्त तक दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।