भारत U19 क्रिकेट टीम का ऐलान: आयुष म्हात्रे कप्तान, वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका

भारतीय अंडर-19 पुरुष क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है जो आगामी सितंबर-अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी। इस दौरे के दौरान टीम तीन वनडे और दो चार दिवसीय मैच (मल्टी डे) खेलेगी। इस अहम दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की जूनियर चयन समिति ने युवा और होनहार खिलाड़ियों को मौका दिया है।

टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी आयुष म्हात्रे को सौंपी गई है, जबकि विहान मल्होत्रा को उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। विकेटकीपिंग की भूमिका अभिज्ञान कुंडू और हरवंश सिंह निभाएंगे, जिन्हें टीम में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज़ शामिल किया गया है।

इस बार चयनकर्ताओं ने युवा प्रतिभाओं पर भरोसा जताते हुए कई नए चेहरों को टीम में शामिल किया है, जिनमें सबसे बड़ा नाम है 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का। वैभव ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उनकी बल्लेबाजी में परिपक्वता और आत्मविश्वास को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित दौरे पर टीम का हिस्सा बनाया गया है।

ऑस्ट्रेलिया दौरा भारतीय खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन मौका होगा, जहां वे विदेशी परिस्थितियों में अपने खेल को परख सकेंगे और भविष्य के लिए खुद को तैयार कर सकेंगे। टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ता इस दौरे को युवा प्रतिभाओं के विकास के नजरिए से काफी अहम मान रहे हैं।

Exit mobile version