भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए देशभर में भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। 26 अगस्त से 31 अगस्त तक कई राज्यों में लगातार भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। बिहार, झारखंड, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
उत्तर भारत में भारी बारिश का असर
मौसम विभाग के मुताबिक 26 अगस्त को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में तेज बारिश के आसार हैं। वहीं 26-27 अगस्त को पूर्वी राजस्थान और 29-30 अगस्त को उत्तराखंड में भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। उत्तर प्रदेश में भी 29 से 31 अगस्त तक लगातार बारिश का दौर रहेगा।
झारखंड और बिहार में अलर्ट
30 और 31 अगस्त को झारखंड में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं बिहार और मध्य प्रदेश में 29 से 31 अगस्त तक तेज वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है।
गुजरात, महाराष्ट्र और गोवा में जोरदार बारिश
गुजरात में 26 से 30 अगस्त तक भारी वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी अगले 7 दिनों के दौरान जोरदार बारिश का पूर्वानुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार वर्षा
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अगले 6-7 दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 27 से 30 अगस्त के बीच भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
दक्षिण भारत में भी भारी वर्षा का पूर्वानुमान
26 से 29 अगस्त तक केरल और माहे में भारी वर्षा हो सकती है। तटीय कर्नाटक में 26 से 30 अगस्त तक बारिश जारी रहेगी। तेलंगाना, तमिलनाडु और आंतरिक कर्नाटक में 27-28 अगस्त को बारिश का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 26-27 अगस्त को तेज बारिश की संभावना है, जबकि 26 अगस्त को यहां बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।