भारी बारिश के बाद आया IMD का RED ALERT, केरल-जम्मू-उत्तराखंड में आफ़त बनकर बरस रहे मेघ

Today Weather: 18 जुलाई 2025 को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज काफी बदल गया है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में जहां लोग झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे हैं, वहीं अब तक केवल बादलों की आवाजाही और उमस भरी गर्मी ही देखने को मिली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शुक्रवार को हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, लेकिन लोगों को फिलहाल गर्मी और चिपचिपाहट से राहत नहीं मिल रही।

उत्तर भारत में भारी बारिश, नदियां उफान पर

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में झमाझम बारिश जारी है। प्रयागराज, वाराणसी और पटना जैसे शहरों में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बिहार के करीब 20 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन चुके हैं। गंगा नदी कई घाटों की अंतिम सीढ़ियों तक पहुंच चुकी है। झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी तेज बारिश हो रही है। कई इलाकों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं।

राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में अलर्ट

राजस्थान में एक नया मौसमी सिस्टम सक्रिय है, जिससे पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। बीकानेर और जोधपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उधर जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है। ट्रैक्स की मरम्मत के लिए सेना और सड़क संगठन के जवान मोर्चे पर हैं।

केरल में लैंडस्लाइड और रेड अलर्ट

केरल के कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में मूसलधार बारिश से लैंडस्लाइड और जलभराव की स्थिति बन गई है। IMD ने इन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

देहरादून सहित उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर

उत्तराखंड के देहरादून और नैनीताल में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने और तेज बौछारों की भी आशंका है।

Exit mobile version